केंद्र की योजनाओं को लागू करने में राज्य सरकार विफल : अन्नपूर्णा देवी

Advertisements

केंद्र की योजनाओं को लागू करने में राज्य सरकार विफल : अन्नपूर्णा देवी

डीजे न्यूज, धनबाद: केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शनिवार को परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए झारखंड सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रही है और जिस अनुपात में अन्य राज्यों को योजनाओं का लाभ दिया जा रहा है, उसी अनुपात में झारखंड को भी सहायता मिल रही है। लेकिन राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं को धरातल पर उतारने में असफल साबित हो रही है।

अन्नपूर्णा देवी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन योजना झारखंड में भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास विकास को लेकर स्पष्ट विजन की कमी है, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता भुगत रही है। उन्होंने कहा कि झारखंड के लोग अब पछता रहे हैं क्योंकि विकास के लगभग हर क्षेत्र में राज्य पिछड़ता जा रहा है। शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में भी लगातार धांधली के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है। छात्रवृत्ति योजनाओं, विद्यालयों में बेहतर सुविधाओं और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में लड़कियों को आगे बढ़ाने के लिए कई पहल की गई हैं, जिसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है।

झारखंड सरकार द्वारा केंद्र से 1 लाख 36 हजार करोड़ रुपये की मांग के सवाल पर उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार किसी भी तरह से सहयोग करने से पीछे नहीं हट रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए केंद्र लगातार सहायता उपलब्ध करा रहा है।

नीट पेपर लीक मामले पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। मामले की जांच के लिए समिति गठित की गई है और सीबीआई भी जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही परीक्षार्थियों का भविष्य प्रभावित न हो, इसके लिए कम समय में दोबारा परीक्षा आयोजित करने की व्यवस्था की गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top