कांवरियों की सेवा में आगे आई गिरिडीह पुलिस, एसपी ने शुरू किया सेवा शिविर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : श्रावणी मेले के दौरान देवघर जाने वाले लाखों कांवरियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गिरिडीह पुलिस ने पपरवाटांड़ स्थित नए पुलिस लाइन गेट के समीप कांवरिया सेवा शिविर की शुरुआत की। रविवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने शिविर का विधिवत उद्घाटन किया। इस शिविर का उद्देश्य बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर उनकी यात्रा को सुरक्षित और सुगम बनाना है।
उद्घाटन अवसर पर सदर एसडीपीओ जितवाहन उरांव, नगर थाना प्रभारी, मुफस्सिल थाना प्रभारी, पचंबा थाना प्रभारी सहित कई पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा कांवरियों से बातचीत कर उनकी जरूरतों की जानकारी भी ली।
पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला आस्था का सबसे बड़ा पर्व है और गिरिडीह होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवघर जाते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि सेवा शिविर में कांवरियों के लिए निःशुल्क शुद्ध पेयजल, बैठने और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर पुलिसकर्मी हरसंभव सहायता के लिए भी उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने कहा कि पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक दायित्वों का भी पूरी संवेदनशीलता के साथ निर्वहन कर रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित मार्ग से यात्रा करने और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत पुलिस से संपर्क करने की अपील की।
सेवा शिविर का लाभ उठा रहे कांवरियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबी पैदल यात्रा के दौरान पेयजल और विश्राम की व्यवस्था काफी राहत देने वाली है। श्रद्धालुओं ने गिरिडीह पुलिस और एसपी डॉ. विमल कुमार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसी पहल से पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और सम्मान और अधिक मजबूत होता है।
स्थानीय लोगों ने भी गिरिडीह पुलिस की इस पहल को जनसेवा और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की।