टोटो चालक हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
डीजे न्यूज, धनबाद: सरायढेला थाना क्षेत्र के जगजीवन नगर में शनिवार को हुई टोटो चालक करण कुमार की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। डीएसपी (विधि-व्यवस्था) प्रकाश सोया ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि चोरी के संदेह में युवक की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपियों में कन्हाई लाल भट्टाचार्य और शिव प्रकाश हैं। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि करण कुमार कथित तौर पर कन्हाई लाल भट्टाचार्य के घर में चोरी की नीयत से घुसा था। उसे पकड़ने के बाद दोनों ने उसकी पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने भी युवक के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
डीएसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य अज्ञात लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच जारी है और सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।