कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पीरटांड़ पुलिस मुस्तैद, जगह-जगह लगाए हेल्पलाइन और जागरूकता बोर्ड
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : श्रावणी मेले के दौरान शिवभक्तों और कांवरियों की सुरक्षा एवं सुविधा को प्राथमिकता देते हुए पीरटांड़ पुलिस ने व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और आपात स्थिति में त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से क्षेत्र के प्रमुख स्थानों पर स्वागत एवं जनजागरूकता संबंधी होर्डिंग-बैनर लगाए गए हैं।
सूचना बोर्ड के माध्यम से श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए किसी भी आपात स्थिति में डायल-112 पर संपर्क करने की अपील की गई है। इसके साथ ही बोर्ड पर गिरिडीह पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक तथा पीरटांड़ थाना प्रभारी के संपर्क नंबर भी अंकित किए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस से तत्काल सहायता प्राप्त की जा सके।
पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात व्यवस्था और त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच डायल-112 या संबंधित पुलिस अधिकारियों से तुरंत संपर्क करें।