जयरामपुर-सेठ कोठी विस्थापन और जेलगोड़ा अस्पताल की कुव्यवस्था पर बीसीसीएल से वार्ता, दिए गए सुधार के आश्वासन
डीजे न्यूज, झरिया (धनबाद): लोदना क्षेत्र (एरिया-10) अंतर्गत जयरामपुर एवं सेठ कोठी के अग्नि व भू-धंसान प्रभावित ग्रामीणों के विस्थापन तथा कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर जनता मजदूर संघ और बीसीसीएल प्रबंधन के बीच एक उच्चस्तरीय वार्ता संपन्न हुई।
वार्ता में संघ के महामंत्री अभिषेक सिंह उपस्थित रहे। प्रभावित परिवारों के सुरक्षित पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। संघ के प्रतिनिधि रूपक सिन्हा ने प्रभावितों के हितों और सुरक्षा पर जोर देते हुए स्पष्ट किया कि पुनर्वास प्रक्रिया में मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही वार्ता में एरिया-10 स्थित जेलगोड़ा अस्पताल की लचर व्यवस्था, भ्रष्टाचार, मरीजों व महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार का मुद्दा भी गरमाया, जिस पर संघ ने कड़ा विरोध दर्ज कराया। यूनियन ने अस्पताल में सम्मानित स्वास्थ्य सेवाएं, 24 घंटे एम्बुलेंस सेवा, कर्मचारी आवासों की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत, और समय पर पदोन्नति की पुरजोर मांग रखी।
बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से एरिया-10 के महाप्रबंधक अनिल कुमार सिन्हा ने सभी मांगों को गंभीरता से सुनते हुए जल्द कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विस्थापन प्रक्रिया को तेज कर विस्थापितों के लिए समुचित व्यवस्थाएं की जाएंगी और जेलगोड़ा अस्पताल की व्यवस्था सुधारकर शिकायतों पर नकेल कसी जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रबंधन की ओर से एपीएम अमित कुमार महतो, प्रोजेक्ट ऑफिसर अनिल कुमार, डॉ. विकास रंजन, डॉ. रॉकी एवं प्रोजेक्ट ऑफिसर कमलकांत दत्ता शामिल रहे।
वहीं जनता मजदूर संघ का प्रतिनिधित्व सुभाष सिंह, रामकृष्ण पाठक, उमाकांत शाही, मृणालकांत सिंह, भोला यादव, सुरेश मलिक, कृष्णा पाठक, अमरजीत, प्रमोद पाठक, धनंजय सिंह, भारत भूषण सिंह, अभिषेक सिंह, संतोष पाठक, अनामिका कुमारी, शालिनी कुमारी एवं देविंदु सिंह समेत कई प्रमुख सदस्यों ने किया।