हाथ जोड़कर बोली बुजुर्ग – मेरा पेंशन शुरू करवा दीजिए हुजूर, बड़ी मेहरबानी होगी… और डीसी ने तुरंत दिलाया न्याय
डीजे न्यूज, गिरिडीह : सिस्टम से हार चुकी एक बुजुर्ग महिला की एक पुकार ने आखिरकार समाहरणालय में उसे न्याय दिला दिया. मामला गांडेय प्रखंड के बुधुडीह गांव की रहने वाली बुजुर्ग महिला कमला देवी का है. बताया जाता है कि पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने से कमला देवी कई महीनों से परेशान थीं. पेंशन के लिए वह कार्यालयों के चक्कर काट-काट कर थक चुकी थीं. हर अधिकारी से गुहार लगा रही थीं, लेकिन कहीं से उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा था. थक-हार कर मंगलवार को वह समाहरणालय पहुंच गई. समाहरणालय के मुख्य गेट के पास ही उनकी मुलाकात उपायुक्त रामनिवास यादव से हो गई. डीसी को देखते ही बुजुर्ग महिला हाथ जोड़कर विनती करने लगी – मेरा पेंशन शुरू करवा दीजिए हुजूर, बड़ी मेहरबानी होगी. बुजुर्ग की मार्मिक अपील सुन डीसी रामनिवास यादव वहीं रुक गए. उन्होंने पूरी बात गंभीरता से सुनी और तुरंत संबंधित विभाग के अधिकारी को बुला कर कमला देवी को पेंशन योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया. डीसी ने बुजुर्ग महिला को भरोसा दिलाया कि एक सप्ताह के अंदर उनके खाते में पेंशन की राशि आ जाएगी. डीसी के इस फैसले के बाद बुजुर्ग महिला के चेहरे पर संतोष दिखा. इस दौरान एसपी डॉ. बिमल कुमार और डीडीसी स्मृता कुमारी भी मौजूद रहीं.