जिले में अवैध कारोबार के खिलाफ होगा जोरदार आंदोलन: दिनेश महतो
डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): धनबाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कोयला, लोहा, बालू, पशु व मछली तस्करी के खिलाफ टुंडी विधायक मथुरा प्रसाद महतो के पुत्र सह झामुमो के युवा नेता दिनेश महतो अब जोरदार आंदोलन करेंगे। इस बाबत उन्होने बांस कपुरिया भेलाटांड़ स्थित स्व प्यारेलाल उद्धान में समर्थको के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। बैठक के पश्चात उन्होने प्रेस वार्ता कर कहा कि जिले के बाघमारा, झरिया, तेतुलमारी, राजगंज, गोविंदपुर, तोपचांची, टुंडी, पूर्वी टुंडी सहित अन्य थाना क्षेत्र में इन दिनों अवैध कोयला, लोहा, बालू, पशु, मछली तस्करी का धंधा व्यापक पैमाने पर चल रहा है। इससे राज्य सरकार को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। अवैध तस्करी के कारण जिले में अपराधिक घटनाओं में भी बेतहाशा वृद्धि हो रही है। अवैध कोयला तस्करी के मामले में तेतुलमारी, झरिया, गोविन्दपुर, बाघमारा, महूदा, भाटडीह हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां से हजारो ट्रक अवैध कोयला राजगंज होते हुए तोपचांची के रास्ते बिहार, यूपी सहित अन्य राज्यों में भेजा जा रहा है। इसके अलावा अवैध बालू का कारोबार फल फूल रहा है। बराकर, दामोदर नदी समेत अन्य स्थानीय नदियों से बालू उत्खनन कर टुण्डी, पूर्वी टुण्डी के रास्ते धनबाद एवं बाहर के जिले में भेजा जा रहा है। कहा कि इसके अलावे पशुओं की अवैध तस्करी धड़ल्ले से जारी है। इन पशुओ को तोपचांची, राजगंज, गोविन्दपुर, निरसा के रास्ते बंगाल भेजा जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा इस मामले में कोई पहल नही किया जा रहा है। कहा कि अब वे स्थानीय लोगो के साथ मिलकर तस्करी के खिलाफ स्वंय सड़क पर उतरेंगे। सड़क पर वे लोग तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आंदोलन करने पर बाध्य होंगे। चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जिला प्रशासन यदि समय रहते गंभीर नही हुआ तो वे लोग खुद अवैध कोयला, बालू, लोहा, जानवरों को ढोने वाली वाहनो को पकड़ कर स्थानीय पुलिस को सौंप कानूनी कार्यवाई की मांग करेंगे। इस दौरान यदि किसी भी तरह की विधि-व्यवस्था की समस्या उत्पन्न होती है तो इसकी पूरी जवाबदेही जिला प्रशासन की होगी।
मौके पर पंकज रवानी, विक्रम निषाद, सुरज निषाद, असलम मंसुरी, साधु खान, संतोष कुमार, विंदु कुमार, रवि दास, विजय कुमार, रमेश कुमार, गोविंद कुमार, अशोक कुमार, राजू ठाकुर, रोहन सिंह, रूपेश सिंह आदि मौजूद थे।