जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने खालसा स्कूल के मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, धनबाद: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बुधवार को बैंक मोड़ स्थित खालसा स्कूल परिसर के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर उपस्थित धनबाद विधानसभा के बूथ संख्या 210 की बीएलओ गीता देवी, 211 की आशा देवी, 209 की बिंदु देवी, बूथ संख्या 93 की रेणु देवी, 214 की खुशबू कुमारी, 215 की राज कुमारी शर्मा, 216 की सीमा देवी, 338 की रीता देवी, 339 की जयमन्ती कुमारी तथा बूथ संख्या 208 की बीएलओ उत्तरा सिन्हा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने नोटिस प्राप्ति के उपरांत मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने की प्रक्रिया की समीक्षा की।
उन्होंने सभी बीएलओ को निर्देश दिया कि नोटिस प्राप्त मतदाताओं के सहायक दस्तावेजों को निर्वाचन आयोग के ऐप पर सही प्रारूप में तुरंत और बिना किसी त्रुटि के अपलोड करें। आवेदनों एवं अपलोड किए गए दस्तावेजों की अद्यतन स्थिति की नियमित ट्रैकिंग सुनिश्चित करें ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो। साथ में तकनीकी या प्रपत्र से जुड़ी किसी भी समस्या के त्वरित समाधान के लिए संबंधित सुपरवाइजर एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी से समन्वय स्थापित रखें।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक अत्यंत संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने सभी बीएलओ को पूरी सतर्कता, निष्ठा और ध्यानपूर्वक कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन या संशोधन के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं करें। उन्होंने शत-प्रतिशत त्रुटि रहित एवं अद्यतन मतदाता सूची तैयार करने का लक्ष्य निर्धारित किया।
निरीक्षण के दौरान धनबाद विधानसभा के ईआरओ सह अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, एईआरओ सह अंचल अधिकारी पुटकी विकास आनंद सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।