झारोटेफ की मांगों को मिला राजनीतिक समर्थन, जमुआ सम्मेलन में शिक्षकों-कर्मचारियों ने भरी हुंकार

झारोटेफ की मांगों को मिला राजनीतिक समर्थन, जमुआ सम्मेलन में शिक्षकों-कर्मचारियों ने भरी हुंकार

डीजे न्यूज, जमुआ (गिरिडीह) : झारखंड ऑफिसर्स, टीचर्स एंड इंप्लाइज फेडरेशन (झारोटेफ) जमुआ प्रखंड इकाई का प्रखंड स्तरीय सम्मेलन मंगलवार को जमुआ JMM प्रखंड अध्यक्ष के आवास पर आयोजित किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मनोज कुमार ने की, जबकि मंच संचालन सविता मिश्रा ने किया।

कार्यक्रम में झारोटेफ के गिरिडीह जिला संयुक्त सचिव आनन्द शंकर ने जिला प्रतिनिधि के रूप में भाग लेते हुए कहा कि प्रांतीय एवं जिला कार्यकारिणी के निर्देशानुसार राज्यव्यापी आंदोलन के प्रथम चरण में झारखंड के प्रत्येक प्रखंड में सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं।

लंबित मांगों को लेकर उठी आवाज

सम्मेलन में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने MACP, शिशु शिक्षण भत्ता, कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति आयु 62 वर्ष करने, परिवहन भत्ता सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग की। इस दौरान सत्ताधारी दलों के प्रखंड अध्यक्षों को आमंत्रित कर झारोटेफ की मांगों के समर्थन में मुख्यमंत्री के नाम समर्थन पत्र भी प्राप्त किया गया।

JMM प्रखंड अध्यक्ष ने दिया आश्वासन

इस अवसर पर रंजीत कुमार ने झारोटेफ की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि शिक्षकों एवं कर्मचारियों की उचित मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने झारोटेफ के मांगपत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

सम्मेलन में आनन्द शंकर, मनोज कुमार, सविता मिश्रा, प्रभात पाण्डेय, अरविन्द कुमार सिंह, उदय शंकर, राजेश कुमार, पिताम्बर कुमार, दीपक कुमार, सुरेन्द्र सिंह, राजेन्द्र प्रसाद कुशवाहा, जयनारायण साहु, संदीप कुमार, सुशील कुमार गुप्ता, मिनहाज अंसारी, बिनोद यादव सहित सैकड़ों शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

कार्यक्रम के अंत में झारोटेफ जमुआ प्रखंड के कोषाध्यक्ष राजीव कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top