झरिया में आक्रोश मार्च, राहुल गांधी का पुतला दहन
महिला सशक्तिकरण विरोधी है कांग्रेस और उसके सहयोगी : रागिनी
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : नारी सम्मान और अधिकारों की रक्षा को लेकर गुरुवार को झरिया में आक्रोश मार्च निकाला गया। चिल्ड्रेन पार्क से झरिया-4 नंबर तक निकले इस मार्च में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में झरिया विधायक रागिनी सिंह की अगुवाई में महिलाओं ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों ने विपक्ष और खासकर राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा उनका पुतला दहन किया। विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि
महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर विपक्ष का नकारात्मक रुख महिलाओं की भावनाओं के साथ अन्याय है। कांग्रेस और इंडी गठबंधन द्वारा इस विधेयक का विरोध यह दर्शाता है कि वे महिलाओं के सशक्तिकरण के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने आगे कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर उन्हें राजनीतिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है।
मार्च में शामिल महिलाओं ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि नारी शक्ति अब अपने सम्मान और अधिकारों के लिए किसी भी स्तर तक संघर्ष करने को तैयार है।