मुख्य न्यायाधीश के देवघर दौरे को लेकर आज बदली रहेगी यातायात व्यवस्था, भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक
दोपहर 3 से रात 9 बजे तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन, 10 स्थानों पर प्रशासन ने की नो एंट्री की व्यवस्था
डीजे न्यूज, देवघर : भारत के मुख्य न्यायाधीश के देवघर प्रस्तावित आगमन एवं भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार, 2 नवंबर को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान वीआईपी रूट पर सभी प्रकार के बड़े और भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध रहेगा। छोटे वाहनों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं।
उपायुक्त के निर्देश पर अनुमंडल पदाधिकारी सह अनुमंडल दंडाधिकारी रवि कुमार ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। प्रशासन ने शहर के प्रवेश मार्गों पर 10 स्थानों को चिह्नित कर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक लगाई है।
इन मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
भागलपुर और हंसडीहा की ओर से आने वाले व्यावसायिक वाहन एवं बसें चौपामोड़ से देवघर शहर में प्रवेश नहीं कर सकेंगी। इन्हें हिण्डोलावरण, तीरनगर होते हुए सारवां के रास्ते भेजा जाएगा। हिण्डोलावरण मोड़ को पूर्ण नो एंट्री जोन बनाया गया है। वहीं, हिण्डोलावरण और तपोवन की ओर से आने वाली भारी व्यावसायिक बसों का उजाला चौक से शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सुल्तानगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कोठिया मोड़ पर रोका जाएगा। इन वाहनों को कनमटिया मोड़, रिखिया और मोहनपुर होते हुए गंतव्य की ओर जाना होगा। रांची और गिरिडीह की ओर से आने वाले भारी वाहनों का प्रहलाद चौक से शहर में प्रवेश बंद रहेगा।
इसी तरह रोहिणी शहीद द्वार और कोरियासा मोड़ से भारी वाहनों एवं व्यावसायिक बसों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। सारठ और सारवां की ओर से आने वाले भारी वाहनों को कर्णकोल मोड़ से आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। मधुपुर की ओर से आने वाले भारी वाहन एयरपोर्ट मोड़ से आगे नहीं जा सकेंगे। वहीं, रांगा मोड़ और गिधनी की ओर से आने वाले भारी वाहनों एवं व्यावसायिक बसों का जटाही मोड़ से बरमसिया की ओर प्रवेश वर्जित रहेगा।
प्रशासन ने वाहन चालकों से मांगा सहयोग
जिला प्रशासन ने वाहन चालकों और आम नागरिकों से निर्धारित समयावधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि मुख्य न्यायाधीश के आगमन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और यातायात का सुचारु संचालन प्राथमिकता है। इसलिए सभी लोग जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और प्रशासन को सहयोग दें।