बनारस की तर्ज पर राजा तालाब में भव्य गंगा आरती, हजारों दीपों से जगमगाया झरिया
रागिनी सिंह और संजीव सिंह की पहल पर ऐतिहासिक राजा तालाब में उमड़ा आस्था का सैलाब, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंजा कोयलांचल
राजमाता सुजाता सिंह को अंगवस्त्र देकर किया गया सम्मानित, भजन गायक अभिषेक पाठक की प्रस्तुति ने बांधा समां
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): कार्तिक मास के पावन अवसर पर रविवार को झरिया का ऐतिहासिक राजा तालाब भक्ति, आस्था और आध्यात्मिकता के अद्भुत संगम का साक्षी बना। झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह की पहल पर राजा तालाब में बनारस की तर्ज पर भव्य गंगा आरती एवं दीपोत्सव का आयोजन किया गया। हजारों दीपों की रोशनी, मंत्रोच्चार और गंगा मैया के जयकारों से पूरा तालाब परिसर भक्तिमय हो उठा। इस ऐतिहासिक आयोजन में झरिया सहित पूरे कोयलांचल से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
कार्यक्रम का शुभारंभ जमशेदपुर के प्रसिद्ध भजन गायक अभिषेक पाठक एवं उनकी टीम की भक्तिमय प्रस्तुतियों से हुआ। एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। पूरा परिसर हर-हर महादेव, जय मां दुर्गा और गंगा मैया की जय के जयकारों से गूंजता रहा। आयोजन के इस अलौकिक दृश्य को श्रद्धालु अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे।
गंगा आरती के मंत्रोच्चार से भक्तिमय हुआ राजा तालाब
बनारस से पहुंचे पुरोहितों की टीम ने जैसे ही पारंपरिक विधि-विधान के साथ गंगा आरती प्रारंभ की, राजा तालाब का नजारा अद्भुत हो उठा। एक साथ प्रज्वलित आरती के दीप, शंखनाद, घंटियों की गूंज और वैदिक मंत्रोच्चार ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति से सराबोर कर दिया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी का दिव्य स्वरूप कोयलांचल की धरती पर उतर आया हो। श्रद्धालु आरती में शामिल होकर भावविभोर हो उठे और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
राजमाता सुजाता सिंह को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान झरिया राजघराने की राजमाता सुजाता सिंह को तालाब के मध्य बने भव्य मंच पर झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं महापौर संजीव सिंह ने अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान राजमाता भावुक नजर आईं। वहीं, भजन गायक अभिषेक पाठक एवं उनकी पूरी टीम को भी विधायक और महापौर ने अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि ऐतिहासिक राजा तालाब झरिया की सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस आयोजन का उद्देश्य हमारी धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ झरिया की ऐतिहासिक धरोहर को नई पहचान देना है। बनारस की तर्ज पर गंगा आरती का यह आयोजन झरिया के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राजा तालाब को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित स्वरूप में विकसित कर इसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे। झरिया की जनता का उत्साह और सहभागिता इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता है।
धनबाद नगर निगम के महापौर संजीव सिंह ने कहा कि राजा तालाब केवल एक जलाशय नहीं, बल्कि झरिया की ऐतिहासिक विरासत और जनभावनाओं से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल है। इसका नया स्वरूप झरिया की पहचान को नई ऊंचाई देगा। हमारा प्रयास है कि धनबाद और झरिया की ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों को संरक्षित कर उन्हें स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाया जाए। गंगा आरती जैसे आयोजन हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन में शामिल सभी श्रद्धालुओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
राजमाता सुजाता सिंह ने जताई प्रसन्नता
राजमाता सुजाता सिंह ने इस भव्य आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ऐतिहासिक राजा तालाब में इस तरह का धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन झरिया के लिए गौरव की बात है। राजा तालाब से झरिया की ऐतिहासिक पहचान और लोगों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। इसके विकास और सौंदर्यीकरण के साथ धार्मिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने इस आयोजन के लिए विधायक रागिनी सिंह और महापौर संजीव सिंह को आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।
कई गणमान्य लोगों की रही उपस्थिति
इस भव्य आयोजन में जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह, पूर्व सांसद पीएन सिंह, निरसा की पूर्व विधायक अपर्णा सेनगुप्ता, भाजपा नेत्री तारा देवी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इनके अलावा झरिया एवं कोयलांचल के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा आरती में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की। आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया, बल्कि झरिया की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकजुटता की भी शानदार तस्वीर पेश की।