टुंडी में चोरों का आतंक, पुलिस फेल 

टुंडी में चोरों का आतंक, पुलिस फेल

दिनदहाड़े लूट, बैटरी-केबल पर हाथ साफ, लाखों का लोहा चोरी, ग्रामीणों ने चोर पकड़ा पर पुलिस ने नहीं दर्ज किया केस 

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : इन दिनों टुंडी थाना क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार चोरी की घटनाओं में अप्रत्याशित रूप से वृद्धि हुई है। पुलिस की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और ग्रामीण दहशत में हैं।

महाराजगंज एवं बेहड़ा की सीमा पर स्थित बापन मंडल एवं बुलू देवी बीसीसीएल कर्मी के घर में अज्ञात अपराधकर्मियों द्वारा विगत दुर्गा पूजा के पूर्व दिनदहाड़े बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया गया था, जिसमें लाखों रुपए के जेवरात एवं नगदी की लूट हुई थी।

इसके अतिरिक्त बेहड़ा गांव के पास से ही दर्जनों वाहनों की बैटरी एवं केबल की चोरी हुई। 2 दिन पूर्व गुरुवार की देर रात में कदैयां गांव के पास बन रहे पुल के कार्यस्थल से लाखों रुपए के लौह सामग्री की चोरी हो गई। लेकिन टुंडी पुलिस को किसी भी घटना में कोई सफलता हाथ नहीं लगी है।

लगातार घट रही घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में भी सजगता बढ़ी है। लोगों की सतर्कता के कारण ही बीते शुक्रवार की रात करीब 12:30 बजे बेहड़ा गांव के पास ट्रैक्टर की बैटरी चुराने का प्रयास कर रहे एक चोर को रांची से चुराई गई एक बाइक सहित खदेड़ कर पकड़ा और उसे टुंडी पुलिस के हवाले किया गया। हालांकि उसके तीन अन्य साथी एक दूसरे बाइक से भागने में सफल रहे।

ग्रामीणों का आरोप है कि टुंडी पुलिस द्वारा दो दिन बीत जाने के बाद भी न तो उस पर कोई मामला दर्ज किया गया और न ही उसे जेल भेजा गया। चोर को पकड़ कर देने के बावजूद पुलिस की इस लचर कार्यशैली पर अब लोग सवाल उठाने लगे हैं। अब तो लोग टुंडी पुलिस की कार्यशैली पर प्रश्नचिन्ह लगाने लगे हैं।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top