जेपीएससी और जेएसएससी परीक्षा घोटालों की सीजीआई जांच हो : राज सिन्हा
डीजे न्यूज, धनबाद: विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को विधानसभा में राज्य के लाखों छात्र-युवाओं से जुड़े अत्यंत महत्वपूर्ण एवं जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाते हुए सरकार का ध्यान युवाओं के भविष्य, स्वास्थ्य सेवाओं तथा चिकित्सा व्यवस्था की कमियों की ओर आकर्षित किया।
विधायक ने कार्यस्थगन सूचना के माध्यम से राज्य की संवैधानिक संस्थाओं जेपीएससी एवं जेएसएससी द्वारा आयोजित प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रहे प्रश्नपत्र लीक, अनियमितताओं एवं भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों की सीबीआई से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं ने राज्य के लाखों मेहनती एवं प्रतिभाशाली युवाओं का विश्वास तोड़ा है। वर्तमान में हजारों अभ्यर्थी सड़कों पर आंदोलनरत हैं, लेकिन सरकार उनकी आवाज सुनने के बजाय मौन बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि संविधान के अनुच्छेद 14 एवं 16 प्रत्येक नागरिक को समान अवसर एवं निष्पक्ष प्रतियोगिता का अधिकार प्रदान करते हैं, किंतु लगातार हो रही अनियमितताओं ने इन संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन किया है। सरकार को तत्काल सीबीआई जांच का आदेश देकर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि युवाओं का विश्वास पुनः स्थापित हो सके।
इसके साथ ही विधायक राज सिन्हा ने विधानसभा में राज्य के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों की बदहाल स्थिति का भी मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि धनबाद विधानसभा क्षेत्र सहित राज्य के लगभग 35,500 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों को पिछले दो वर्षों से विकास अनुदान की राशि उपलब्ध नहीं कराई गई है। विकास अनुदान नहीं मिलने के कारण विद्यालयों में मरम्मत, रंग-रोगन, सफाई, चॉक-डस्टर, बिजली, स्टेशनरी सहित अन्य आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने सरकार से अविलंब विकास अनुदान की राशि जारी कर राज्य के सरकारी विद्यालयों की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करने की मांग की, ताकि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
साथ ही विधायक ने धनबाद के शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) तथा सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न भी उठाए।
उन्होंने कुपोषित बच्चों के उपचार हेतु संचालित माल न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर (MTC) की व्यवस्था, ऑक्सीजन प्लांट की कार्यशीलता, ऑडियोमेट्री जांच सुविधा, आधुनिक चिकित्सीय उपकरणों की उपलब्धता तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य संसाधनों की कमी जैसे विषयों पर सरकार से जवाब मांगा।
ऑडियोमेट्री की कमी का मामला भी उठाया
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि झारखंड के युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, निष्पक्ष प्रतियोगी परीक्षाएं और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सदन से लेकर सड़क तक छात्रों, युवाओं एवं आम जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी मजबूती से लड़ती रहेगी और किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार, अनियमितता एवं जनहित की उपेक्षा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।