जेजेएम के ‘विभागीय सम्मेलन’ को लेकर जिला स्तरीय परामर्श बैठक का आयोजन

जेजेएम के ‘विभागीय सम्मेलन’ को लेकर जिला स्तरीय परामर्श बैठक का आयोजन

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला जल एवं स्वच्छता समिति की जिला स्तरीय परामर्श बैठक गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में हुई। इसमें जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आगामी 01 एवं 02 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले ‘डिपार्टमेंटल समिट’ की पूर्व तैयारी के संदर्भ में विस्तृत चर्चा की गई।

इस संबंध में उपायुक्त-सह-अध्यक्ष, जिला जल एवं स्वच्छता समिति आदित्य रंजन ने कहा कि नई दिल्ली में आयोजित होने वाले इस राष्ट्रीय सम्मेलन में मुख्य रूप से पेयजल स्रोतों की स्थिरता व सततता, ग्रामीण पेयजल आपूर्ति का संचालन एवं रखरखाव के अलावा अन्य विषयों पर फोकस किया जाएगा।

बैठक में पीएचईडी यांत्रिक प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि मल्टी विलेज स्कीम में संबंधित कंपनी को फुल ब्लॉक कवरेज करना है। कंपनी के बड़े-बड़े पंप और मोटर लगे हैं। फिर भी रखरखाव के अभाव में योजना बंद हो रही है। उन्होंने सुझाव दिया कि राष्ट्रीय सम्मेलन में बताया जाएगा कि इसका संचालन विभागीय स्तर से होना चाहिए। पानी का डिस्ट्रीब्यूशन, पाइपलाइन एवं रिवेन्यू कलेक्शन ग्राम जल स्वच्छता समिति को मिलना चाहिए।

कहा कि जिला अंतर्गत सभी ट्यूबवेल के रिचार्ज हेतु सोक पिट, तालाबों का जीर्णोद्धार, रेन वाटर हार्वेस्टिंग का कार्य संबधित विभाग से कराया जाय। जबकि पेयजल श्रोतों की नियमित जाँच फील्ड टेस्ट किट एवं जिला जल जाँच प्रयोगशाला से करना सुनिश्चित करें। पूर्ण जलापूर्ति योजनाओं को ग्राम जल एवं स्वछता समिति को हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया।

वहीं कार्यपालक अभियंता (मैकेनिकल) ने कहा कि जिले में बड़ी तादाद में ट्यूबवेल बने हैं। लेकिन किसी भी ट्यूबवेल का हिस्ट्री कार्ड नहीं है। राष्ट्रीय सम्मेलन में हर ट्यूबवेल का हिस्ट्रीकर्ड बनाने का सुझाव दिया जाएगा। इससे भविष्य में यह पता लगाने में आसानी होगी कि उस क्षेत्र में कितनी गहराई में पानी मिला है। उन्होंने ड्राई ट्यूबवेल को पुनः जीवित करने के लिए हाइड्रो-फ्रैक्चरिंग तकनिक का उपयोग करने का सुझाव दिया।

उपायुक्त ने सभी सुझावों की सराहना की और उसे राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में पीएचईडी 2के कार्यपालक अभियंता मुकेश कुमार मंडल, कार्यपालक अभियंता (मैकेनिकल) मयंक कुमार भगत, सभी सहायक अभियंता, अन्य विभाग के जिला स्तरीय पदाधिकारी, कनीय अभियंता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top