जामताड़ा में पंचायतों को अधिकार दिलाने की मुहिम तेज, आठ मई को मंत्री को सौंपा जाएगा मांग पत्र

Advertisements

जामताड़ा में पंचायतों को अधिकार दिलाने की मुहिम तेज, आठ मई को मंत्री को सौंपा जाएगा मांग पत्र

डीजे न्यूज, जामताड़ा: पंचायती राज व्यवस्था को सशक्त बनाने और पंचायत प्रतिनिधियों को पूर्ण अधिकार दिलाने की मांग को लेकर जामताड़ा जिले में एक बार फिर मुखिया संघ ने आवाज बुलंद की है। सोमवार को जामताड़ा के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जामताड़ा प्रखंड मुखिया संघ की बैठक प्रखंड अध्यक्ष सरोज हेंब्रम की अध्यक्षता में हुई। बैठक में जिले भर के मुखियाओं ने भाग लिया। पंचायतों को लेकर वर्तमान प्रशासनिक उदासीनता पर गहरी चिंता व्यक्त की।

जिला अध्यक्ष देवीसन हांसदा ने कहा कि पंचायत चुनाव के तीसरे कार्यकाल के बावजूद आज भी पंचायतों को वह अधिकार नहीं मिल पाए हैं, जो उन्हें संविधान और पंचायती राज अधिनियम के तहत मिलने चाहिए थे।

अधिकारों की मांग को लेकर संघ का प्रयास

मुखिया संघ का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में पंचायत प्रतिनिधि केवल नाम के रह गए हैं। योजनाओं की स्वीकृति, क्रियान्वयन और निगरानी में मुखियाओं की भूमिका सीमित कर दी गई है। इससे न सिर्फ जनप्रतिनिधियों का मनोबल गिरा है, बल्कि ग्रामीण जनता भी प्रभावित हो रही है।

8 मई को मंत्री को सौंपा जाएगा मांग पत्र

मुखिया संघ ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि 8 मई को जामताड़ा जिला मुखिया संघ की ओर से स्थानीय विधायक एवं झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को मांग पत्र सौंपा जाएगा। इसमें पंचायतों को सभी प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकार दिए जाने की मांग की जाएगी, जिससे पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सके।

सरकार की उदासीनता पर चेतावनी

मुखिया संघ ने चेतावनी दी है कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर शीघ्र ठोस कदम नहीं उठाया, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

बैठक में उपस्थिति

बैठक में मुखिया सुनीता मुर्मू, मालती सोरेन, रानी पावरिया, जोसेफ मुर्मू, सुखेंद्र टुडू, जिबोती सोरेन, पार्वती सोरेन और रोबोनी मरांडी आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top