जामताड़ा की गंगा-जमुनी तहजीब को कमजोर नहीं होने देंगे : डॉ इरफान अंसारी
मां पार्वती की प्रतिमा से छेड़छाड़ पर मंत्री भड़के, उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में मां पार्वती की मूर्ति के साथ हुई कथित छेड़छाड़ की घटना को लेकर इलाके में आक्रोश का माहौल है। अब इस मामले पर जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए घटना को “अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण, निंदनीय और धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य” बताया है।
सोशल मीडिया प्लेटफार्म फेसबुक पर जारी एक पोस्ट में https://www.facebook.com/share/p/1Do8q7zNuH/ में विधायक ने कहा कि इस तरह की घटनाएं समाज में अशांति फैलाने और आपसी सौहार्द बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकती हैं, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विधायक ने कहा कि प्रशासन को त्वरित कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों की अविलंब गिरफ्तारी का निर्देश दिया गया है, ताकि भविष्य में कोई ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके।
साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उनके विधानसभा क्षेत्र में बार-बार इस तरह की घटनाएं क्यों हो रही हैं। उन्होंने आशंका जताई कि इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश हो सकती है, जिसकी गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।
अपने बयान के अंत में विधायक ने लोगों से शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि जामताड़ा की गंगा-जमुनी तहजीब को किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा।
गौरतलब है कि रविवार सुबह जामताड़ा के गांधी मैदान स्थित शिव मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा मां पार्वती की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करने की घटना सामने आई। इस घटना से स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर कमेटी में भारी आक्रोश है।