जाम पर प्रशासन का शिकंजा, सड़क-फुटपाथ से हटाए गए दर्जनों अतिक्रमण
डीजे न्यूज, धनबाद: शहर में बढ़ती जाम की समस्या से लोगों को राहत दिलाने के लिए जिला प्रशासन और नगर निगम ने बुधवार को संयुक्त रूप से अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान रणधीर वर्मा चौक से शुरू होकर कोर्ट परिसर रोड होते हुए डीआरएम चौक तक चलाया गया। इस दौरान सड़क और फुटपाथ पर अवैध रूप से लगी दर्जनों दुकानों, ठेलों और अन्य अतिक्रमण को हटाया गया।
अभियान के दौरान प्रशासन की टीम ने दुकानदारों और ठेला संचालकों को सड़क व फुटपाथ पर दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की सख्त चेतावनी दी। साथ ही उन्हें वैकल्पिक स्थान पर दुकान और ठेला लगाने की हिदायत दी गई।
एसडीएम लोकेश बारंगे ने बताया कि धनबाद शहर में लगातार जाम की समस्या बनी हुई है। खासकर कोर्ट परिसर के आसपास सड़क किनारे और अधिवक्ताओं के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल पर भी दुकानें और ठेले लगाए जा रहे थे। इससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इसी को देखते हुए प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
टीम ने रणधीर वर्मा चौक से कार्रवाई शुरू करते हुए कोर्ट परिसर रोड और आसपास के इलाकों में सड़क व फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त कराया। इस दौरान दर्जनों दुकानों और ठेलों को हटाया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा। दोबारा सड़क या फुटपाथ पर कब्जा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान नगर निगम अधिकारी अनिल कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर जय प्रकाश कुमार सहित बड़ी संख्या में सुरक्षाबल मौजूद रहे।