राजस्थान से बुलाया, शादी कराई और फिर पीटकर भगाया, धनबाद में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़
डीजे न्यूज, धनबाद: शादी कराने के नाम पर राजस्थान के युवक और उसके परिवार को धनबाद बुलाकर कथित तौर पर ठगी और मारपीट करने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के मामले में पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, गहने और अन्य सामान भी बरामद किए हैं।
बुधवार को मामले का खुलासा करते हुए डीएसपी मुख्यालय-1 कुमार विनोद ने बताया कि राजस्थान निवासी रमेश नट की शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार, तीन सितंबर को सपना नाम की महिला ने फोन कर शादी के लिए दो युवतियों की तस्वीर भेजी थी। शादी की बात तय होने के बाद रमेश अपने भाई, भतीजे इकबाल और भाभी के साथ राजस्थान से धनबाद पहुंचे।
आरोप है कि धनबाद पहुंचने पर गिरोह के सदस्यों ने शादी के नाम पर उनसे खरीदारी कराई। इसके बाद उन्हें एक गांव में ले जाया गया, जहां युवती की मांग में सिंदूर भरवाकर शादी की रस्म पूरी कराई गई।
बाद में लड़के वालों को युवती के घर भोजन के लिए चलने को कहा गया। आरोप है कि उनके इनकार करने पर गिरोह के सदस्यों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें वहां से भगा दिया। इसके बाद पीड़ित परिवार ने बरवाअड्डा थाना में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय दास, राजेश कुमार, मंतोष साव, सुमन विश्वकर्मा, चंदन शर्मा, नीलम देवी, पूजा कुमारी, मकरी देवी, विशु यादव और राजेंद्र साव शामिल हैं।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने इससे पहले शादी के नाम पर कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है। साथ ही गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।