देवघर जिला प्रशासन की JTET परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर

देवघर जिला प्रशासन की JTET परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन की पैनी नजर

 डीसी-एसपी ने लिया सुरक्षा व्यवस्था का जायजा

डीजे न्यूज, देवघर : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और कदाचार मुक्त संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने संयुक्त रूप से जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था और परीक्षा संचालन का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारियों ने आरएल सराफ स्कूल, रेड रोज, आर. मित्र, संत फ्रांसिस और देवघर कॉलेज सहित कई परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उपायुक्त ने केंद्र अधीक्षकों, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, उड़नदस्ता दल और पुलिस बल को संयुक्त जिला आदेश का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता से किसी भी तरह का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने परीक्षा केंद्रों पर उपस्थित और अनुपस्थित परीक्षार्थियों की जानकारी ली। साथ ही पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता की भी जांच की। सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया गया।

दो पालियों में आयोजित परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए अधिकारियों ने सभी केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने और कदाचार पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा उपायुक्त ने जिला कोषागार कार्यालय स्थित वज्र गृह (स्ट्रांग रूम) का भी औचक निरीक्षण किया। वहां तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों को सुरक्षा और प्रबंधन से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मौके पर उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top