जैक इंटर परीक्षा परिणामों में गड़बड़ी का आरोप, मंत्री सुदिव्य सोनू को सौंपा ज्ञापन
सभी प्रभावित कॉपियों का शीघ्र और पारदर्शी पुनर्मूल्यांकन कराने की मांग
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) द्वारा घोषित इंटरमीडिएट परीक्षा परिणामों में कथित गड़बड़ी को लेकर शनिवार को गिरिडीह में छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। आरके महिला कॉलेज सहित जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की।
छात्रों का आरोप है कि भौतिकी, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों में बेहतर प्रदर्शन के बावजूद कई विद्यार्थियों को बेहद कम अंक दिए गए हैं। कुछ छात्रों ने बताया कि थ्योरी पेपर में उन्हें मात्र 4 से 6 अंक मिले, जिससे वे अनुत्तीर्ण हो गए। छात्रों का कहना है कि यह उनके परिश्रम और भविष्य, दोनों के साथ अन्याय है।
झारखंड छात्र मोर्चा के नेता अभय कुमार ने कहा कि यह केवल अंकों की गड़बड़ी नहीं, बल्कि हजारों छात्रों के भविष्य से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने मांग की कि सभी प्रभावित कॉपियों का शीघ्र और पारदर्शी पुनर्मूल्यांकन कराया जाए।
छात्र नेता विशाल झा ने कहा कि किसी भी मेधावी छात्र को इतने कम अंक मिलना मूल्यांकन में बड़ी त्रुटि की ओर इशारा करता है। उन्होंने कहा कि जब तक हर पीड़ित विद्यार्थी को न्याय नहीं मिल जाता, संगठन संघर्ष करता रहेगा।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्रों की शिकायतें सुनीं और जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वे इस प्रकरण में व्यक्तिगत रुचि लेकर संबंधित अधिकारियों और बोर्ड से बात करेंगे, ताकि त्रुटियों में शीघ्र सुधार हो सके और विद्यार्थियों का शैक्षणिक सत्र प्रभावित न हो।
इस अवसर पर अभय कुमार, विशाल झा, चंदन सिंह, रोहित मंडल, रौनक मिश्रा, आदित्य यादव, आर्यन वर्मा, बडी यादव सहित संगठन के कई पदाधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।