इंडी गठबंधन गिरिडीह में छह अक्टूबर को करेगा पैदल मार्च
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मोहरा बनाकर लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही भाजपा : सतीश केडिया
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भाजपा विरोधी मतदाताओं को चिन्हित कर उनके नाम मतदाता सूची से काटने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को मोहरा बनाकर भाजपा लोकतंत्र और संविधान पर हमला कर रही है। यह आरोप रविवार को गिरिडीह परिसदन भवन में आयोजित इंडिया गठबंधन की प्रेस वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सतीश केडिया ने लगाया।
उन्होंने कहा कि मतदान का अधिकार संविधान से मिला मौलिक अधिकार है और इसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जाएगा। इसी के विरोध में इंडिया गठबंधन की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक देशव्यापी विरोध मार्च आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत 6 अक्टूबर को गिरिडीह में पैदल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया जाएगा।
अंबेडकर चौक से गांधी चौक तक निकलेगा मार्च
सतीश केडिया ने बताया कि 6 अक्टूबर को इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता अंबेडकर चौक से गांधी चौक तक मार्च निकालेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली से मतदाताओं को परेशान किया जा रहा है। खासकर भाजपा विरोधी मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकारी सेवा में रहते हुए भी वह भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए गठबंधन लगातार आंदोलन कर रहा है। आंदोलन के दबाव में चुनाव आयोग ने फॉर्म-6 में बदलाव कर प्रक्रिया की जटिलता कम की है।
वोट के अधिकार की रक्षा के लिए एकजुट होने की अपील
कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा ने कहा कि राइट टू वोट की रक्षा के लिए 6 अक्टूबर को गिरिडीह में पैदल मार्च आयोजित किया गया है। उन्होंने उन सभी लोगों से आंदोलन में शामिल होने की अपील की, जिन्हें मतदाता सूची से जुड़े मामलों में नोटिस देकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि लोकतंत्र बचाने का आंदोलन है।
पैदल मार्च ऐतिहासिक होगा : अजय सिन्हा मंटू
कांग्रेस के प्रदेश सचिव अजय सिन्हा मंटू, भाकपा माले के राजेश सिन्हा और राजद के गिरजा यादव ने भी अधिक से अधिक लोगों से मार्च में शामिल होने की अपील की। नेताओं ने बताया कि आंदोलन को झामुमो का भी समर्थन प्राप्त है। 6 अक्टूबर के मार्च में झामुमो के नेता व कार्यकर्ता भी शामिल होंगे। अजय सिन्हा मंटू ने कहा कि पैदल मार्च ऐतिहासिक होगा। प्रेस वार्ता में कांग्रेस के प्रदेश सचिव धनंजय सिंह, समीर राज चौधरी, बरुण सिंह, सीताराम पासवान, विनीत भास्कर, भाकपा माले के कन्हाई पांडेय समेत इंडिया गठबंधन के कई नेता मौजूद थे।