IIT (ISM) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को मिलेगा महान शिक्षक पुरस्कार

IIT (ISM) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को मिलेगा महान शिक्षक पुरस्कार

शिक्षा, शोध और ऊर्जा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान का राष्ट्रीय सम्मान, 22 नवंबर को नई दिल्ली में होगा समारोह

डीजे न्यूज, धनबाद : IIT (ISM) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा को प्रतिष्ठित पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी महान शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए सर्वसम्मति से चुना गया है। उच्च शिक्षा, अभियांत्रिकी शिक्षा, पावर सिस्टम और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान को देखते हुए यह चयन किया गया है। यह सम्मान उनके दीर्घकालीन शैक्षणिक योगदान, शोध में उत्कृष्टता और देश में तकनीकी शिक्षा को नई दिशा देने के प्रयासों की राष्ट्रीय स्तर पर पहचान है।

फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स (FWA) की चयन समिति ने प्रो. मिश्रा के नाम पर मुहर लगाई है। आगामी 22 नवंबर को नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर (IIC) में आयोजित समारोह में पद्म विभूषण डॉ. मुरली मनोहर जोशी उन्हें यह सम्मान प्रदान करेंगे।

सम्मान के लिए चयनित होने पर प्रो. मिश्रा ने प्रसन्नता व्यक्त की। विद्युत अभियांत्रिकी के क्षेत्र में उनके शोध कार्य पावर सिस्टम, पावर क्वालिटी, नवीकरणीय ऊर्जा और स्मार्ट ग्रिड जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहे हैं। इन क्षेत्रों में उनके योगदान को ऊर्जा व्यवस्था को अधिक सक्षम बनाने, बिजली की बढ़ती मांग पूरी करने और स्वच्छ ऊर्जा तकनीकों को प्रोत्साहित करने की दिशा में अहम माना जाता है।

 

प्रो. मिश्रा ने 15 मई 2024 को IIT (ISM) धनबाद के निदेशक का कार्यभार संभाला था। इससे पहले वह IIT दिल्ली के अबू धाबी परिसर में डीन (रिसर्च एंड एक्सटर्नल एंगेजमेंट) और एसोसिएट डीन (रिसर्च एंड डेवलपमेंट) समेत कई महत्वपूर्ण शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।

शिक्षण, शोध और नवाचार के क्षेत्र में प्रो. मिश्रा को कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। इनमें इंडियन नेशनल साइंस एकेडमी का यंग साइंटिस्ट मेडल, इंडियन नेशनल एकेडमी ऑफ इंजीनियरिंग का यंग इंजीनियर अवार्ड, समंत चंद्रशेखर पुरस्कार, बिमल बोस पुरस्कार, NASI-रिलायंस प्लेटिनम जुबली अवार्ड और INAE आउटस्टैंडिंग टीचर्स अवार्ड प्रमुख हैं। इसके अलावा वह कई प्रतिष्ठित पेशेवर संस्थाओं के फेलो भी हैं।

फेडरेशन फॉर वर्ल्ड एकेडमिक्स ने वर्ष 2025 में इस पुरस्कार की शुरुआत की थी। इसका उद्घाटन प्रख्यात भौतिक विज्ञानी, सांसद और पूर्व केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने किया था। यह पुरस्कार उन विशिष्ट व्यक्तित्वों के आजीवन योगदान को सम्मानित करता है, जिन्होंने भारत के बौद्धिक, वैज्ञानिक और सार्वजनिक जीवन को दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

प्रो. सुकुमार मिश्रा का इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए चयन IIT (ISM) धनबाद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। इससे संस्थान की शैक्षणिक प्रतिष्ठा के साथ-साथ तकनीकी अनुसंधान, अभियांत्रिकी शिक्षा और ऊर्जा क्षेत्र में उनके नेतृत्व एवं योगदान को भी राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top