हर सरकारी विद्यालय में आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र के लिए लगेगा विशेष शिविर टास्क फोर्स करेगी शिविर की मॉनिटरिंग

हर सरकारी विद्यालय में आधार कार्ड व जन्म प्रमाण पत्र के लिए लगेगा विशेष शिविर

टास्क फोर्स करेगी शिविर की मॉनिटरिंग

डीजे न्यूज, धनबाद: स्कूली बच्चों का आधार कार्ड तथा जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए हर सरकारी विद्यालय में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने आज यूआईडी, शिक्षा व समाज कल्याण विभाग के साथ बैठक कर कार्यक्रम की सफलता के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्कूली बच्चों के आवश्यक दस्तावेज समय पर बनवाना और उनका अपडेशन सुनिश्चित करना है, ताकि किसी भी छात्र को सरकारी योजनाओं, छात्रवृत्ति और नामांकन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान छात्रों के लिए नया आधार कार्ड, पुराने आधार कार्ड का अपडेशन तथा छात्रों के जन्म प्रमाण पत्र पंजीकरण से संबंधित प्रक्रिया विद्यालय परिसर में ही पूरी की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि इस प्रक्रिया की जिला स्तर से निगरानी करने के लिए टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। शिविर आयोजन करने की तिथि की शीघ्र घोषणा की जाएगी। उपायुक्त ने सभी माता-पिता और अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अपने बच्चों का आधार कार्ड और जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक दस्तावेजों के साथ विद्यालय में उपस्थित रहें, ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके।

उन्होंने जिला शिक्षा अधीक्षक तथा जिला समाज कल्याण पदाधिकारी को सभी संबंधित विद्यालय प्राचार्यों, शिक्षकों, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी को शिविर के सफल संचालन के लिए दिशा-निर्देश जारी करने को कहा है।

उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जिले के सरकारी विद्यालय के शत-प्रतिशत विद्यार्थियों के आवश्यक दस्तावेज इस अभियान के तहत पूरे किए जाएं।

बैठक में उपायुक्त आदित्य रंजन, उप विकास आयुक्त सन्नी राज, जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी सह ई-जिला प्रबंधक  अमित कुमार सिंह, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, एमआईएस पदाधिकारी अशोक रवानी, सतीश सिंह व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top