हर बच्चे को दो बूंद जिंदगी की दवा जरूर पिलाएं : विशाल पांडेय
बच्चों में रोग प्रतिरक्षण की कमी के कारण पोलियो की दवा पिलाना जरूरी : डॉ श्रवण कुमार
डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : पल्स पोलियो टीकाकरण कार्यक्रम के तहत रविवार को जिले के 4 लाख 24 हजार 729 बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। इसी अभियान के तहत टुंडी व पूर्वी टुंडी प्रखंड में भी 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पल्स पोलियो की खुराक दी जाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर शनिवार दोपहर करीब तीन बजे प्रखंड कार्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी विशाल कुमार पांडे ने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
इस अवसर पर बीडीओ विशाल कुमार पांडे ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए 0 से 5 वर्ष तक के बच्चे को दो बूंद जिंदगी की दवा पिलाकर पोलियो से सुरक्षित करें। वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि बच्चों में रोग प्रतिरक्षण की कमी के कारण पोलियो की दवा पिलाना अति आवश्यक है। उन्होंने कहा कि “पड़ोसी देश अफगानिस्तान, बांग्लादेश एवं पाकिस्तान में पोलियो के रोगी मिल रहे हैं। इसलिए हर माता-पिता का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को पोलियो की दवा जरूर पिलाएं।”
डॉ. श्रवण कुमार ने बताया कि 28 जून से 30 जून तक 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दवा पिलाई जाएगी। 28 जून को टुंडी व पूर्वी टुंडी प्रखंड के सभी बूथों पर बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी, जबकि 29 एवं 30 जून को छूटे हुए बच्चों को घर-घर जाकर पल्स पोलियो की दवा पिलाई जाएगी।