छठ महापर्व से गुलजार हुए गिरिडीह के बाजार

छठ महापर्व से गुलजार हुए गिरिडीह के बाजार

डीजे न्यूज, गिरिडीह : लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर गिरिडीह में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। पर्व की नजदीकी के साथ ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाले बांस के सूप, डाला, दउरा और डलिया की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुटने लगी है। खासकर महिलाएं पूजा की तैयारियों को लेकर बाजारों में जमकर खरीदारी कर रही हैं।

शहर के टावर चौक, मकतपुर, बड़ा चौक और हुट्टी बाजार सहित विभिन्न इलाकों में बांस से बनी पारंपरिक सामग्रियों की दुकानें सज गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे बांस के कारीगरों ने भी अपनी दुकानें लगा ली हैं। महिलाएं अपनी जरूरत और बजट के अनुसार छोटी-बड़ी डलिया, सूप, डाला, दउरा और अन्य पूजन सामग्री खरीद रही हैं।

बाजार में सूप की कीमत 50 से 150 रुपये तक, जबकि डलिया 40 से 300 रुपये तक है। छठ पूजा में सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए सूप और डाला का विशेष धार्मिक महत्व है। यही वजह है कि इनकी मांग में लगातार तेजी आ रही है।

दुकानदारों के अनुसार, छठ को लेकर खरीदारी का सिलसिला शुरू हो चुका है। पर्व के नजदीक आने के साथ बाजारों में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है। वहीं, छठ महापर्व बांस के कारीगरों और उनके परिवारों के लिए भी रोजगार का महत्वपूर्ण अवसर लेकर आता है। कारीगर कई दिनों से सूप, टोकरी, दउरा और पंखा बनाने में जुटे हुए हैं।

बाजारों में सजी पारंपरिक सामग्रियों की दुकानें और खरीदारी करती महिलाओं की भीड़ से शहर में छठमय माहौल बनने लगा है। बाजारों की बढ़ती रौनक पर्व के प्रति लोगों की आस्था, उत्साह और तैयारियों को बयां कर रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top