झारखंड स्थापना दिवस पर 15 से 28 नवंबर तक देवघर में होंगे विविध आयोजन, डीसी ने तय की अधिकारियों की जिम्मेदारी
15 नवंबर को ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ से होगी पखवाड़े की शुरुआत, छठ घाटों की भी होगी सफाई
डीजे न्यूज, देवघर : झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर देवघर जिले में 15 से 28 नवंबर तक जिला, प्रखंड और पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर गुरुवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में बैठक हुई। इसमें कार्यक्रमों के सफल आयोजन को लेकर विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस राज्य की एकता, अस्मिता और विकास का प्रतीक है। इसे भव्य, अनुशासित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा। उन्होंने सभी विभागों को कार्यक्रमों में आम लोगों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
इस दौरान जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। अभियान की शुरुआत 15 नवंबर को सुबह सात बजे ‘रन फॉर क्लीनलिनेस’ के तहत दौड़ के साथ होगी। इसके बाद विभिन्न छठ घाटों की विशेष साफ-सफाई की जाएगी। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आम नागरिक और स्वयंसेवी संस्थाएं भी भाग लेंगी।
स्थापना दिवस पखवाड़े के दौरान जिले में सड़क सुरक्षा और नशा मुक्ति अभियान चलाया जाएगा। किसानों के लिए किसान गोष्ठी आयोजित होगी तथा योग्य लाभुकों के बीच वन अधिकार पट्टा का वितरण किया जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए रक्तदान शिविर एवं पल्स पोलियो अभियान भी संचालित किया जाएगा।
शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में निबंध, पेंटिंग और वाद-विवाद समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। साथ ही स्वच्छ, स्वस्थ और जागरूक देवघर के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया है।
बैठक में उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता, सिविल सर्जन, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला खेल पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला कल्याण पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।