जुआ अड्डा में खूनी संघर्ष, एक जख्मी

जुआ अड्डा में खूनी संघर्ष, एक जख्मी

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): खरखरी ओपी क्षेत्र के बाँसजोड़ा पंचायत में जुआ अड्डे को लेकर हुए विवाद ने बुधवार देर रात खूनी रूप ले लिया। चाकूबाजी की घटना में विशाल श्रीवास्तव गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी का इलाज भुरुंगिया स्थित एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात डीपीएलएम प्लस 2 उच्च विद्यालय की चहारदीवारी के पीछे चल रहे जुआ अड्डे पर किसी बात को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। वहां हो रहे शोरगुल को सुनकर स्थानीय युवक विशाल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और जुआ खेल रहे युवकों को हल्ला करने से मना किया। इसी बात को लेकर स्थानीय युवक विराट रवानी उर्फ किसमिस से उनकी कहासुनी हो गई। विवाद के कुछ देर बाद, रात करीब 12 बजे विशाल अपने एक मित्र के साथ शिव मंदिर के समीप टहल रहा था। आरोप है कि इसी दौरान विराट रवानी उर्फ किसमिस ने वहां पहुंचकर मुर्गा लड़ाई में इस्तेमाल होने वाले धारदार चाकू से विशाल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चाकू के वार से विशाल के चेहरे, गर्दन के ऊपरी हिस्से और हाथों पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
शोर सुनकर मौके पर पहुंचे परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल विशाल को तत्काल भुरुंगिया के एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसकी स्थिति पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं। बताया जा रहा है कि युवक को 32 टाँके लगे हैं।
इधर, घायल युवक के पिता किशोर श्रीवास्तव ने खरखरी ओपी में विराट रवानी के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी ने जानलेवा हमला करने के साथ ही उनके पुत्र की जेब से 7,300 रुपये भी छीन लिए। उन्होंने उचित कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपी युवक घटना के बाद से ही फरार बताया जा रहा है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top