हो-हंगामे के बीच बेड़ा नियामतपुर में पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास
जिप सदस्य के पति ने किया विरोध, नोंकझोंक
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): दूधिया पंचायत के बेड़ा नियामतपुर गांव में डीएमएफटी फंड से होने वाले पथ निर्माण कार्य के शिलान्यास के मौके पर गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। शिलापट्ट पर जिप सदस्य ऊषा महतो का नाम अंकित नहीं रहने पर उनके पति आशीष महतो भड़क गए और शिलान्यास कार्यक्रम का विरोध कर दिया। साथ ही लात मारकर शिलापट्ट को गिरा दिया। इससे ग्रामीण भड़क उठे और आशीष के साथ नोंकझोंक भी हुई। दरअसल बेड़ा नियामतपुर गांव में आज पथ निर्माण कार्य का शिलान्यास होना था। पूर्वाहन करीब 11:00 बजे शिलान्यास हेतु विधायक चंद्रदेव महतो, सांसद प्रतिनिधि विजय रवानी, उप प्रमुख आशा देवी समेत काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे थे। जिला परिषद सदस्य उषा महतो के पति आशीष महतो भी शिलान्यास स्थल पर पहुंचे और नाम नहीं देखकर हंगामा शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने उन्हें मनाने का प्रयास किया। काफी जद्दोजहद के बाद विधायक एवं सांसद प्रतिनिधि ने शिलान्यास किया।
विधायक का कहना है कि विकास कार्यों में इस तरह की बातें नहीं होनी चाहिए। सूचना पाकर बलियापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची। तब तक शिलान्यास संपन्न हो चुका था। बाद में जिला परिषद सदस्य उषा महतो भी बेड़ा नियामतपुर गांव पहुंची। मालूम हो कि शिलापट्ट पर सिर्फ सांसद एवं विधायक का नाम अंकित था । इस संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए विभाग के कनीय अभियंता मुकेश कुमार मंडल के अलावा विभाग के कार्यपालक अभियंता से भी संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने मोबाइल रिसीव नहीं किया। योजना के संवेदक मंजूर अंसारी ने बताया कि शिलापट्ट पर सिर्फ सांसद एवं विधायक का नाम अंकित करने का निर्देश प्राप्त है। इसके अलावा अन्य संबंधित पंचायत प्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी दे दी गई थी। मौके पर झारखंड आंदोलनकारी सकुर खान , इमरान खान, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, शकील अंसारी, जाकिर खान, निसार खान, अख्तर खान, अब्दुल शेख, नसीम खान, अकबर अंसारी आदि थे।