त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील, बाजारों और प्रमुख स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
डीजे न्यूज, धनबाद: धनतेरस, दीपावली एवं काली पूजा के पावन अवसर पर धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने जिलेवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में मनाने की अपील की है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनतेरस एवं दीपावली के मद्देनजर जिले के प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, पूजा स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ाई गई है तथा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
त्योहारों के दौरान बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा विशेष इंतजाम किए गए हैं। अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती कर भीड़ एवं वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने की व्यवस्था की गई है।
इसके अतिरिक्त सभी बैंकों, ज्वेलरी शॉप, इलेक्ट्रॉनिक दुकानों, मॉल एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। व्यापारियों से अपील की गई है कि बड़ी मात्रा में नकदी लेकर आने-जाने के दौरान विशेष सतर्कता बरतें तथा आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय थाना से सुरक्षा सहायता प्राप्त करें।
एसएसपी ने नागरिकों से खरीदारी के दौरान अपने सामान एवं कीमती वस्तुओं की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने तथा वाहनों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर पार्क करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय थाना अथवा पुलिस कंट्रोल रूम के आपातकालीन नंबर 112 पर दें।
उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। सभी जिलेवासी आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं और शांति एवं भक्तिमय वातावरण में मिलजुलकर त्योहारों का आनंद लें।