हिंदी और पारसी रंगमंच के मेकअप का रंगशाला में दिया प्रशिक्षण
देशभर के दिग्गज नाट्य गुरु भी पहुंचे रंगशाला-2026 में
जीवन के नौ रंगों से जोड़ता है रंगमंच : निजाम
डीजे न्यूज, धनबाद : द ब्लैक पर्ल्स धनबाद, ऑल इंडिया कल्चरल कॉउंसिल और रंग संस्कार थिएटर ग्रुप की ओर से आयोजित सात दिवसीय थिएटर और कैमरा एक्टिंग वर्कशॉप रंगशाला 2026 के तीसरे दिन सोमवार को मेकअप का प्रशिक्षण प्रतिभागियों को दिया गया। विशेष रूप से हिंदी और पारसी नाटकों में होने वाली रूप सज्जा की जानकारी दी गई। साथ जी पांच प्रकार का मेकअप कर के दिखाया भी गया।
लुबी सर्कुलर रोड स्थित विवाह भवन में चल रहे कार्यशाला में सोमवार को रांची से आये नाट्य निर्देशक ऋषिकेष लाल ने धार्मिक और सामाजिक चरित्रों का मेकअप करना सिखाया। वहीं पारसी नाटकों में होने वाले रूप सज्जा की जानकारी राजस्थान के अलवर से आये अशोक शर्मा ने दी। द ब्लैक पर्ल्स की शारदा गिरी और वीएलसीसी की सोनी साव ने बेस मेकअप के बारे में बताया।
देश के बड़े नाट्य निर्देशक भी पहुंचे : सोमवार की रंगशाला 2026 बहुत ही खास रही। देश के जानेमाने नाट्य निर्देश भी पहुंचे थे। बिहार के औरंगाबाद से आफताब राणा, झारखंड के जमशेदपुर से मो. निजाम व शिवलाल सागर ने विशेष रूप से एक्टिंग की जानकारी दी। मो. निजाम ने कहा कि हर लोग अपना दैनिक जीवन जी रहे हैं, लेकिन नाटक सीखने की चाहत रखने वाले खास होते हैं। उनके अंदर समाज के सभी वर्गों के जीवन को जीने की कला होती है। जीवन के नौ रस को जानते हैं। शिवलाल सागर ने कहा कि धनबाद में इस तरह की कार्यशाला के बाबत पहली बार जानकारी मिली। विशेष कर उ। युवाओं के लिए रंगशाला महत्वपूर्ण है जो क्रेटिविटी करना चाहते हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर के लिए यह बेहद खास है।
मंगलवार को सिखाया जाएगा मास्क मेकिंग : रंगशाला के चौथे दिन मंगलवार को अलग – अलग प्रकार के मास्क निर्माण का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही एक्टिंग की भी जानकारी दी जाएगी।