हाईटेक सफाई व्यवस्था से चमक रही बाबानगरी, श्रावणी मेले में 24 घंटे अलर्ट पर नगर निगम
डीजे न्यूज, देवघर : विश्व प्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए देवघर नगर निगम पूरी तरह मुस्तैद है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर नगर निगम की टीम 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर मेला क्षेत्र की सफाई और स्वच्छता व्यवस्था संभाल रही है। इस बार पारंपरिक संसाधनों के साथ अत्याधुनिक मशीनों और हाईटेक उपकरणों का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवरिया पथ और मेला क्षेत्र में आधुनिक चलंत (मोबाइल) शौचालय स्थापित किए गए हैं। वहीं शौचालयों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की त्वरित एवं कीटाणुरहित सफाई के लिए हाई-प्रेशर जेटिंग मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मंदिर परिसर, संकरी गलियों और होल्डिंग प्वाइंट की गहन सफाई के लिए पोर्टेबल प्रेशर वाशर और हाई-प्रेशर वॉशिंग गन का उपयोग किया जा रहा है।
संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और मच्छरों के नियंत्रण के लिए विशेष फॉगिंग एवं सैनिटाइजेशन वाहनों के माध्यम से लगातार कीटनाशक दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। इसके अलावा कांवरिया पथ, टेंट सिटी और प्रमुख मार्गों पर सफाई मित्रों द्वारा दिन-रात ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव किया जा रहा है, ताकि पूरा मेला क्षेत्र दुर्गंधमुक्त बना रहे।
वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के तहत मेला परिसर में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग रंगों के डस्टबिन लगाए गए हैं। साथ ही पेयजल आपूर्ति और सफाई कार्यों के लिए ट्रैक्टर-टैंकर लगातार संचालित किए जा रहे हैं।
नगर निगम ने पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन में विभाजित कर सैकड़ों सफाई मित्रों की तीन शिफ्टों में तैनाती की है, जो 24 घंटे सफाई, सैनिटाइजेशन और कचरा निष्पादन का कार्य कर रहे हैं। नगर आयुक्त ने कहा कि “स्वच्छता भी, साधना भी—ग्रीन और स्मार्ट श्रावणी मेला 2026” की थीम को साकार करते हुए नगर निगम श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।