हाड़ी जाति समाज सुधार समिति ने सामाजिक एकजुटता का दिया संदेश
डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद): 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हाड़ी जाति समाज सुधार समिति एक सामाजिक संस्था की ओर से आजाद नगर भागा स्थित कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में समिति के कार्यकारी अध्यक्ष कार्तिक हाड़ी एवं सचिव नारायण हाड़ी ने संयुक्त रूप से राष्ट्रगान के साथ झंडोत्तोलन किया.
झंडोत्तोलन के बाद उपस्थित लोगों ने राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकजुटता का संकल्प लिया।
इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं वक्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्तिक हाड़ी ने कहा कि देश की आजादी असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। आजादी को बनाए रखना और देश की एकता, अखंडता तथा सामाजिक समरसता को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास के लिए शिक्षा, जागरूकता और आपसी एकजुटता बेहद जरूरी है। हाड़ी समाज के लोगों को अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने, सामाजिक कुरीतियों को दूर करने तथा युवाओं को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने देश की प्रगति, शांति और सामाजिक सौहार्द के लिए अपना योगदान देने का संकल्प लिया। समारोह में समिति के पदाधिकारी, जिला कोषाध्यक्ष विजय हाड़ी, रक्षा मंत्री भोला हाड़ी, उपाध्यक्ष मनोज हाड़ी, रमण हाड़ी, विकाश हाड़ी, प्रेम हाड़ी, गणेश पासवान, अशोक हाड़ी, पप्पू हाड़ी, सदस्य एवं समाज के कई लोग उपस्थित रहे।