धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धियां, एसएसपी ने गिनाया छह महीने का रिपोर्ट कार्ड ऑर्गनाइज्ड क्राइम पर लगाम, लंबित कांड 4100 से घटकर 1740 जुलाई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से करीब एक करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

धनबाद पुलिस की बड़ी उपलब्धियां, एसएसपी ने गिनाया छह महीने का रिपोर्ट कार्ड

ऑर्गनाइज्ड क्राइम पर लगाम, लंबित कांड 4100 से घटकर 1740

जुलाई में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों से करीब एक करोड़ रुपये जुर्माना वसूला

डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद पुलिस केंद्र में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। एसएसपी प्रभात कुमार ने पुलिस केंद्र में झंडोत्तोलन कर तिरंगे को सलामी दी। इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान एसएसपी ने पिछले छह महीनों में धनबाद पुलिस की उपलब्धियों और कानून-व्यवस्था को लेकर किए गए कार्यों की जानकारी दी।

पुलिस केंद्र में आयोजित समारोह में एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पिछले छह महीनों में धनबाद पुलिस ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने दावा किया कि जिले में ऑर्गनाइज्ड क्राइम लगभग शून्य पर पहुंच गया है।

एसएसपी के मुताबिक, लंबित कांडों की संख्या 4100 से घटकर करीब 1740 रह गई है। पहले जहां हर महीने 10 से 12 कांडों में अभियुक्तों को सजा दिलाई जाती थी, वहीं अब हर महीने 25 से 30 कांडों में आरोप पत्र दाखिल किए जा रहे हैं। साथ ही अभियुक्तों को सजा दिलाने में भी पुलिस को सफलता मिल रही है।

उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों से करीब एक करोड़ रुपये जुर्माने की राशि वसूली गई। एसएसपी ने इसे ट्रैफिक पुलिस की सक्रियता और नियमों के पालन को लेकर चलाए जा रहे अभियान का परिणाम बताया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एसएसपी ने पुलिसकर्मियों से इसी तरह पूरी जिम्मेदारी और समर्पण के साथ काम करते हुए जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले कई पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top