गुरु पूर्णिमा पर पतंजलि परिवार ने योग, यज्ञ और सम्मान समारोह का किया आयोजन 

गुरु पूर्णिमा पर पतंजलि परिवार ने योग, यज्ञ और सम्मान समारोह का किया आयोजन 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : पतंजलि परिवार गिरिडीह के तत्वावधान में पटेल नगर स्थित सोनल बैंक्वेट हॉल में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी नवीन कांत सिंह ने किया। समारोह में पतंजलि योगपीठ, झारखंड प्रांत के राज्य प्रभारी रामजीवन पांडे मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ योगाभ्यास, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-पूजन के साथ हुआ। इस दौरान विश्व कल्याण, स्वस्थ समाज और जन-स्वास्थ्य की मंगलकामना की गई। इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में योग साधिका निमिता कुमारी ने कठिन योगासनों का प्रदर्शन कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं मुन्नी देवी, अरविंद कुमार, अजय शिवानी, उमा गुप्ता, अनीता, गंगा, सुनीता बर्नवाल, पिंकी खेतान, विजय बर्नवाल समेत अन्य कलाकारों ने भक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

समारोह में संगठन और समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया। साथ ही प्रशिक्षण प्राप्त सह-योग शिक्षकों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

मुख्य अतिथि रामजीवन पांडे ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु का स्थान सर्वोच्च है। योग और आयुर्वेद के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक और संस्कारित समाज का निर्माण करना ही गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा है। उन्होंने सभी योग साधकों से नियमित योगाभ्यास करने और अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर संगठन मंत्री सरदार देवेंद्र सिंह, रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष अरविंद कुमार, पतंजलि के जिला प्रभारी परमेंद्र कुमार, सोशल मीडिया जिला प्रभारी पुष्पा शक्ति, गांडेय प्रखंड प्रभारी शंकर भारती सहित भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि परिवार के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top