गरिमा गृह योजना का संचालन किन्नर समुदाय की सहभागिता और नेतृत्व में हो
धनबाद में फर्जी किन्नरों की बढ़ती संख्या पर उपायुक्त से मिलीं सुनैना एवं श्वेता किन्नर
डीजे न्यूज, धनबाद : जिले में बढ़ती फर्जी किन्नरों की संख्या को लेकर झारखंड सरकार के किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य सुनैना सिंह किन्नर तथा धनबाद जिला किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य श्वेता किन्नर ने धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात कर इस गंभीर विषय पर संज्ञान लेने का आग्रह किया। मुलाकात के दौरान उन्होंने बताया कि जिले में फर्जी किन्नरों की संख्या लगातार बढ़ रही है, जिससे वास्तविक किन्नर समुदाय के अधिकारों एवं सम्मान पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से इस विषय की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। इसके अतिरिक्त, प्रतिनिधिमंडल ने सरकार द्वारा किन्नर समुदाय के लिए संचालित गरिमा गृह योजना में वास्तविक किन्नरों की पर्याप्त भागीदारी सुनिश्चित नहीं किए जाने पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि योजना के संचालन और लाभ को किसी संस्था के माध्यम से संचालित करने के बजाय किन्नर समुदाय की सहभागिता और नेतृत्व में संचालित किया जाना चाहिए।सुनैना किन्नर एवं श्वेता किन्नर ने कहा कि किन्नर समुदाय की समस्याओं, चुनौतियों और आवश्यकताओं को एक किन्नर ही बेहतर ढंग से समझ सकता है। इसलिए गरिमा गृह जैसी कल्याणकारी योजनाओं के संचालन एवं प्रबंधन में किन्नर समुदाय को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि योजनाओं का लाभ वास्तविक जरूरतमंदों तक पहुंच सके। उपायुक्त ने उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विषयों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।