ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति में लाए तेजी : उपायुक्त रामनिवास यादव 

ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति में लाए तेजी : उपायुक्त रामनिवास यादव 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिले में ग्रामीण विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने बुधवार को समाहरणालय सभागार में प्रखंडवार समीक्षा बैठक की। बैठक में VB-GRAM-G (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), अबुआ आवास योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अधिकारियों को एक माह के भीतर उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने कहा कि ग्रामीण विकास योजनाएं सरकार की प्राथमिकता में हैं और इनके क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग के साथ गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने को कहा।

समीक्षा के दौरान VB-GRAM-G के तहत जॉब कार्डों के सत्यापन एवं अद्यतन कार्य, लंबित ई-केवाईसी, परिसंपत्तियों की जियो टैगिंग और एमआईएस एंट्री की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा पोर्टल पर शत-प्रतिशत डेटा अपडेट करने के निर्देश दिए।

बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन मिशन की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकृत योजनाओं को समय पर पूरा करने, उपलब्ध राशि का पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित करने तथा किसानों को अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और आवास प्लस-2024 के तहत स्वीकृत आवासों का निर्माण, लाभुकों को समय पर भुगतान और प्रत्येक चरण की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अबुआ आवास योजना के लंबित जियो टैगिंग मामलों पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए शीघ्र निष्पादन करने को कहा।

बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने VB-GRAM-G के तहत चल रहे “125 दिन के महाअभियान” को सफल बनाने के लिए सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को जनप्रतिनिधियों, मुखियाओं और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया। उन्होंने श्रमिकों को न्यूनतम 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी सुनिश्चित करने तथा ग्रामीण परिवारों तक योजनाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए मिशन मोड में कार्य करने पर जोर दिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top