गोल्डेन पहाड़ी में सड़क निर्माण पर बवाल, ग्रामीणों ने बीसीसीएल पर रैयत जमीन कब्जा करने का लगाया आरोप
डीजे न्यूज, तिसरा,धनबाद : तिसरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोल्डेन पहाड़ी में बीसीसीएल द्वारा कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का मुकुंदा पंचायत के ग्रामीणों ने कड़ा विरोध किया है। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी रैयतों की जमीन पर जबरन सड़क निर्माण करने का प्रयास कर रही है, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण के बाद बीसीसीएल द्वारा उसी भूमि पर ओबी डंप करने की योजना है, जिससे आसपास की जोड़िया, श्मशान घाट, गोचर भूमि और आश्रम जैसी महत्वपूर्ण सार्वजनिक जगहें समाप्त हो जाएंगी।
ग्रामीणों के अनुसार, पूर्व में एरिया-10 के परियोजना पदाधिकारी के साथ हुई वार्ता में यह सहमति बनी थी कि रैयतों की जमीन पर सड़क निर्माण नहीं किया जाएगा। लेकिन इसके बावजूद मंगलवार रात से ही सड़क निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर दिया गया, जिससे लोगों में आक्रोश फैल गया।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि बिना सहमति के निर्माण कार्य जारी रहा तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की है कि जब तक आपसी सहमति नहीं बनती, तब तक सड़क निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए।
इस विरोध प्रदर्शन में मुखिया रिंकू देवी, निर्मल रजवार, त्रिलोचन महतो, परीक्षित महतो, अजीत महतो, लखन गोराई, रामपदों, कन्हाई रवानी, रमेश रवानी, सुधन महतो, उषा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल थे।