गिरिडीह में जुटेंगे राज्यभर के सेपक टकरा खिलाड़ी, 10-11 अक्टूबर को इनडोर स्टेडियम में मुकाबला
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गिरिडीह के इनडोर स्टेडियम में आगामी 10 और 11 अक्टूबर को राज्य स्तरीय सीनियर सेपक टकरा टूर्नामेंट का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर गुरुवार को सेपक टकरा एसोसिएशन गिरिडीह के सचिव नुरुल होदा ने इनडोर स्टेडियम पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और तैयारियों की जानकारी ली।
नुरुल होदा ने बताया कि एसोसिएशन के सभी सदस्यों की सहमति से गिरिडीह में राज्य स्तरीय सेपक टकरा प्रतियोगिता कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
उन्होंने आयोजन में सहयोग के लिए जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला और बैडमिंटन टूर्नामेंट के अध्यक्ष दिनेश यादव के प्रति आभार जताया। प्रतियोगिता में गिरिडीह के खिलाड़ियों के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था साहू धर्मशाला में की गई है।
सचिव ने बताया कि गिरिडीह के लिए यह गौरव की बात है कि जिले की सात बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर सेपक टकरा प्रतियोगिताओं में भाग ले चुकी हैं। उन्होंने जिलेवासियों से प्रतियोगिता को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।