गिरिडीह में अतिक्रमणकारियों पर चला नगर निगम का बुलडोजर
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मंगलवार को उप नगर आयुक्त प्रशांत कुमार के निर्देशानुसार नगर निगम की टीम ने शहर में अतिक्रमण हटाओ अभियान को फिर से तेज करते हुए सख्ती दिखाई। टावर चौक, बड़ा चौक, काली बाड़ी चौक, सदर अस्पताल रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर अवैध रूप से ठेला लगाकर सब्जी, फल और फूल बेचने वाले दुकानदारों को हटाया गया।
अधिकारियों ने साफ तौर पर कहा कि सड़क किनारे किसी भी प्रकार का सामान रखकर व्यापार करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान कुछ जगहों पर दुकानदारों और अधिकारियों के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई, लेकिन प्रशासन की कड़ाई के आगे किसी की नहीं चली। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए IRB फोर्स की तैनाती की गई थी, जिससे पूरा अभियान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।
नगर निगम के सिटी मैनेजर अभिषेक प्रकाश ने बताया कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने और आम जनता को जाम की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आगे भी यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
प्रशासन ने दुकानदारों से अपील की है कि वे निर्धारित स्थानों पर ही अपना व्यवसाय करें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें।
इस दौरान प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक गौरी शंकर यादव, निगम कर्मी अमित कुमार राय, कौशिक कुमार, रवि वर्मा समेत आईआरबी के जवान मौजूद थे।