गिरिडीह के 2,586 बूथों पर कल लगेगा मेगा हेल्प डेस्क, 30 नवंबर को जारी होगी अंतिम मतदाता सूची
31 अक्टूबर तक निपटाएं लंबित नोटिसों के मामले : उपायुक्त
डीजे न्यूज, गिरिडीह : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR-2026) को लेकर शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने, लंबित नोटिसों के निष्पादन, नए मतदाताओं के पंजीकरण और नाम-पते में सुधार की प्रक्रिया की समीक्षा की गई। जिले में वर्तमान में कुल 18,37,007 मतदाता पंजीकृत हैं।
उपायुक्त ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 नवंबर 2026 को किया जाएगा। वहीं, नोटिस से संबंधित निर्धारित श्रेणियों के मामलों का निष्पादन 31 अक्टूबर तक पूरा करने पर जोर दिया गया।
सभी बूथों पर मिलेगी मतदाताओं को सहायता
जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के 2,586 मतदान केंद्रों पर 10 अक्टूबर को मेगा हेल्प डेस्क कैंप लगाया जाएगा। कैंप में बीएलओ और बीएलए-2 की चौथी बैठक के साथ निर्वाचन पाठशाला की बैठक भी होगी। यहां नए मतदाताओं का पंजीकरण, मतदाता सूची में त्रुटियों का सुधार, लंबित दस्तावेजों का सत्यापन और आवेदन संबंधी समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
18 वर्ष या उससे अधिक आयु के ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, उनसे प्रपत्र-6 भरवाने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, नाम, जन्मतिथि और पते में सुधार के लिए प्रपत्र-8 के माध्यम से आवेदन लिए जाएंगे। छूटे हुए और प्रवासी पात्र मतदाताओं को भी पंजीकरण में सहायता दी जाएगी।
नोटिस पाने वालों के घर जाएंगे बीएलओ
अनमैप्ड और तार्किक विसंगतियों से संबंधित नोटिस पाने वाले मतदाताओं को राहत देते हुए स्पष्ट किया गया कि सामान्य परिस्थितियों में उन्हें सुनवाई के लिए निर्वाचन पदाधिकारी या सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के कार्यालय में बुलाने की आवश्यकता नहीं होगी। बीएलओ संबंधित मतदाताओं के घर जाकर दस्तावेज एकत्र करेंगे और उन्हें ECINet पर अपलोड करेंगे। इसके आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। असाधारण परिस्थितियों में आवश्यकतानुसार ऑनलाइन सुनवाई की जा सकेगी।
12 से 16 अक्टूबर तक विशेष पंजीकरण अभियान
अनाथ व्यक्तियों, निराश्रित महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों, ट्रांसजेंडर व्यक्तियों और अन्य वंचित वर्गों को मतदाता सूची से जोड़ने के लिए 12 से 16 अक्टूबर तक विशेष कैंप लगाए जाएंगे। इसमें अनाथालयों, शक्ति सदन, वृद्धाश्रमों और संबंधित संस्थाओं के सहयोग से पात्र व्यक्तियों की पहचान, दस्तावेजों का सत्यापन और नए पंजीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
बैठक में सहायक समाहर्ता यश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी पायल राज, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।