गिरिडीह-चितरडीह मार्ग पर टोयोटा कार और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी समेत मासूम गंभीर 

गिरिडीह-चितरडीह मार्ग पर टोयोटा कार और बाइक की टक्कर में पति-पत्नी समेत मासूम गंभीर

डीजे न्यूज, पचंबा(गिरिडीह) : जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अंतर्गत पथला नवाडीह के पास गिरिडीह-चित्तरडीह रोड पर सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दुर्घटना में एक टोयोटा कार और बाइक की आमने-सामने की सीधी टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार पति-पत्नी और उनकी दो वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, पीरटांड़ प्रखंड के कटवारा निवासी सिवंश दास अपनी पत्नी कविता देवी और दो वर्षीय पुत्री रूही कुमारी के साथ तिसरी प्रखंड के चंदौरी स्थित अपने ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान पथला नवाडीह के पास जमुआ की ओर से तेज रफ्तार में आ रही टोयोटा कार से उनकी बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि सिवंश दास, कविता देवी और रूही कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल सिवंश दास और उनकी पत्नी कविता देवी को बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। वहीं दो वर्षीय रूही कुमारी को बेहतर चिकित्सा के लिए गोवर्धन लाल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ देर के लिए घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top