गावां सीएचसी में ध्वजारोहण के दौरान जमीन पर गिरा तिरंगा
डीजे न्यूज, गिरिडीह : गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सीएचसी में शनिवार को मनाए गए 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रध्वज की गरिमा से जुड़े प्रोटोकॉल की खुलेआम धज्जियां उड़ गईं. ध्वजारोहण के दौरान हुई लापरवाही के कारण राष्ट्रध्वज जमीन पर गिर गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम के समय रस्सी खंभे में फंस गई और झंडा खुल ही नहीं सका. स्थिति संभालने के लिए एक कर्मी को खंभे पर चढ़ना पड़ा. इसी अफरा-तफरी में तिरंगा दो बार गिरने की स्थिति में पहुंचा और अंततः जमीन पर गिर गया. बाद में गिरे हुए झंडे को उठाकर नीचे ही लहराकर पुनः खंभे पर लगाया गया. स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रध्वज के साथ बनी यह स्थिति केवल तकनीकी चूक नहीं मानी जा सकती. ध्वजारोहण से पहले झंडा, रस्सी और खंभे की जांच न होना प्रशासन की गंभीर लापरवाही को दर्शाता है. राष्ट्रध्वज संहिता के अनुसार तिरंगे को जमीन पर गिराना अपमान है. इस घटना से क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है. लोगों ने मांग की है कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी अधिकारियों और कर्मियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में राष्ट्रीय पर्व पर राष्ट्रध्वज की गरिमा के साथ कोई समझौता न हो.