अर्जुन मुंडा की मां के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जताया शोक, परिवार से मिलकर बंधाया ढाढ़स
डीजे न्यूज, जमशेदपुर: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शुक्रवार को जमशेदपुर के घोड़ाबांधा स्थित पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने अर्जुन मुंडा की दिवंगत माताजी स्व. सायरा मुंडा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कल्पना सोरेन ने भी दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा एवं उनके शोकाकुल परिवारजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति और ईश्वर के श्रीचरणों में स्थान मिलने की प्रार्थना की। साथ ही दुख की इस घड़ी में परिवार को धैर्य, साहस और संबल प्रदान करने की कामना की।
मुख्यमंत्री के जमशेदपुर पहुंचने पर घोड़ाबांधा स्थित हेलीपैड पर स्थानीय प्रशासन की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।