मवेशी चराने गए अधेड़ को हाथियों ने कुचलकर मार डाला, जंगल में मिला लहूलुहान शव

मवेशी चराने गए अधेड़ को हाथियों ने कुचलकर मार डाला, जंगल में मिला लहूलुहान शव

रातभर घर नहीं लौटे कैलाश यादव, सुबह बेटे और ग्रामीणों ने जंगल में तलाश के दौरान खोजा शव; परिजनों की चीख-पुकार से गांव में पसरा मातम

डीजे न्यूज, तिसरी,गिरिडीह : तिसरी प्रखंड के लोकाय नयनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत घुठिया थानसिंहडीह गांव में हाथियों के हमले में कैलाश यादव उर्फ केलू यादव की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है। कैलाश यादव रोज की तरह गुरुवार को भी मवेशी चराने के लिए डिरदाह जंगल गए थे। इसी दौरान हाथियों के झुंड ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और कुचलकर मार डाला।

परिजनों के अनुसार, देर शाम तक कैलाश यादव घर नहीं लौटे तो परिवार के लोग परेशान हो गए। रातभर उनकी तलाश को लेकर परिजन चिंतित रहे और ठीक से सो भी नहीं सके। शुक्रवार सुबह उनका बेटा और गांव के अन्य लोग उन्हें खोजने जंगल की ओर निकले। काफी तलाश के बाद जंगल में एक स्थान पर कैलाश यादव का शव पड़ा मिला। उनके शरीर पर कई जगह गंभीर चोट के निशान थे और पूरा शरीर लहूलुहान था। ग्रामीणों ने आसपास हाथियों के झुंड को भी देखा।

इसके बाद ग्रामीण किसी तरह शव को उठाकर गांव लाए। घर में जैसे ही कैलाश यादव का शव पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों की चीख-पुकार से पूरा गांव गमगीन हो गया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top