उसरी नदी और औद्योगिक प्रदूषण पर प्रशासन सख्त, जांच के आदेश
डीजे न्यूज, गिरिडीह: जिले में पर्यावरण प्रदूषण पर अंकुश लगाने और जल स्रोतों के संरक्षण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। शुक्रवार को डीआरडीए सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में जिला पर्यावरण समिति की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक संस्थानों से निकलने वाले कचरे, प्रदूषण नियंत्रण मानकों के अनुपालन, उसरी नदी की स्वच्छता तथा ग्रामीणों की शिकायतों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक संस्थानों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
औद्योगिक संस्थानों द्वारा कचरे के उचित निस्तारण की व्यवस्था की जांच के लिए अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह को निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। वहीं, अनुमंडल पदाधिकारी एवं झारखंड राज्य प्रदूषण नियंत्रण पर्षद, धनबाद के क्षेत्रीय अधिकारी को संयुक्त रूप से जांच कर प्रतिवेदन सौंपने को कहा गया।
बैठक में उसरी नदी में प्रदूषण और औद्योगिक कचरे के निस्तारण का मुद्दा प्रमुखता से उठा। उपायुक्त ने नदी एवं अन्य जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाने तथा पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने पर जोर दिया।
औद्योगिक संस्थानों के आसपास रहने वाले ग्रामीणों ने अतिवीर एवं वेंकटेश औद्योगिक संस्थानों में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ईएसपी (इलेक्ट्रिक सेफ्टी प्रोटेक्शन) इंस्टॉलेशन से जुड़ी समस्याएं उठाईं। ग्रामीणों ने इन संस्थानों से प्रदूषण फैलने की शिकायत भी की। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्यावरणीय मानकों के अनुपालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अस्पतालों के प्रदूषण नियंत्रण संबंधी अनुपालन की भी समीक्षा की गई। बताया गया कि जिले के 27 अस्पतालों को संचालन की सहमति (सीटीओ) मिल चुकी है, जबकि शेष अस्पतालों की प्रक्रिया जारी है। उपायुक्त ने सभी अस्पतालों को आवश्यक अनुमति की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया।
लंगटा बाबा तालाब के पानी की गुणवत्ता जांचने, विभिन्न क्षेत्रों में जल स्रोतों की गुणवत्ता एवं हेवी मेटल्स की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराने और आगामी बैठक से पहले आवश्यक कार्रवाई पूरी करने को कहा गया। साथ ही जिले में पौधरोपण एवं हरित क्षेत्र विस्तार को बढ़ावा देने का निर्देश दिया गया।
औद्योगिक श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर भी प्रशासन ने गंभीरता दिखाई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को औद्योगिक संस्थानों में श्रमिकों को सुरक्षा किट उपलब्ध कराने एवं सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच करने का निर्देश दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्ता, समिति के सदस्य एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित थे।