एयर एम्बुलेंस क्रैश के मृतकों के परिजन हेमंत से मिले, सहायता का भरोसा
डीजे न्यूज, रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को झारखंड मंत्रालय में एयर एम्बुलेंस क्रैश में मृत व्यक्तियों के आश्रितों ने मुलाकात की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आश्रित परिजनों ने राज्य सरकार की ओर से सरकारी नौकरी एवं मुआवजा दिए जाने से संबंधित एक ज्ञापन सौंपा। मौके पर मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों की बातों को आत्मतीयता के साथ सुना तथा परिजनों के प्रति सहानुभूति जताई। मुख्यमंत्री ने उन्हें राज्य सरकार की ओर से यथोचित मदद दिए जाने का भरोसा दिया। मौके पर राज्य सरकार के मंत्रीगण एवं एयर एंबुलेंस हादसा में मृत स्व संजय कुमार के बड़े भाई विजय कुमार, मृतक ध्रुव कुमार के पिता दिनेश प्रसाद सहित अन्य परिजन उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि विगत 23 फरवरी को बर्न इंजरी के मरीज संजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस के जरिए रांची से दिल्ली ले जाया जा रहा था। इसी क्रम में चतरा पहुंचते ही एयर एंबुलेंस क्रैश हो गया था। इस हादसे में मरीज संजय कुमार उनकी पत्नी अर्चना देवी, भांजा-ध्रुव कुमार, डॉक्टर विकास कुमार गुप्ता, पैरामेडिक सचिन कुमार मिश्रा, पायलट विवेक विकास भगत और को- पायलट स्वराजदीप सिंह का निधन हो गया था।