दुर्गोत्सव में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

दुर्गोत्सव में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, शांति भंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

पूजा पंडालों और मेला में सादे लिबास में तैनात रहेंगे पुलिसकर्मी

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):  दुर्गा पूजा के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर शुक्रवार को कतरास थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने पूजा समितियों और शांति समिति के सदस्यों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पूजा के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीण एसपी ने कहा कि सभी पूजा समितियों को जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य है। दुर्गा पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पूजा पंडालों और मेला में रहेगी विशेष निगरानी

ग्रामीण एसपी ने पूजा समितियों को निर्देश दिया कि सभी पूजा पंडालों एवं मेला परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। अग्निशमन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके अलावा स्वयंसेवकों की टीम को भी मुस्तैद रखने पर जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।
महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए उन्होंने बताया कि पूजा पंडालों और मेला क्षेत्रों में पुलिस के जवान सादे  लिबास में भी तैनात रहेंगे। इससे असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने में मदद मिलेगी।

ड्रोन से निगरानी, यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर

दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ड्रोन से निगरानी की भी व्यवस्था की जाएगी। बैठक में पूजा के दौरान यातायात, बिजली, पेयजल और साफ-सफाई, महिला शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया। संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और पूजा का आयोजन शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाए।

पूजा समितियों के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठक में ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बाघमारा एसडीपीओ अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, बाघमारा अंचल अधिकारी गिरजानंद किस्कू, नगर निगम के सिटी मैनेजर रोहित राहुल सम्मद तथा बिजली विभाग के कनीय अभियंता सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जीएनएम दुर्गा पूजा समिति, रेलवे दुर्गा पूजा समिति, रानी बाजार दुर्गा पूजा समिति, तिलाटांड हॉस्पिटल दुर्गा पूजा समिति, डॉक्टरपाड़ा दुर्गा पूजा समिति, केसलपुर दुर्गा पूजा समिति, मालगोदाम दुर्गा पूजा समिति, बंगालीपाड़ा दुर्गा पूजा समिति और राजवाड़ी दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में सभी समितियों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांतिपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने की अपील की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top