बलियापुर में हाइवा ने बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत
विरोध में सड़क जाम, मुआवजा की कर रहे मांग
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर थाना क्षेत्र के बलियापुर-पतलाबाड़ी रोड पर दुधिया मोड़ के पास शुक्रवार की शाम हाइवा ने बाइक को जोरदार धक्का मार दिया। इस घटना में बाइक पर सवार दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान कलियासोल प्रखंड के तेतुलिया निवासी 40 वर्षीय सुरेश मुर्मू एवं 30 वर्षीय सुखी सोरेन के रूप में हुई है। घटना के बाद चालक हाइवा लेकर भाग निकला।
इस घटना के बाद नागरिक उद्वेलित हो गए और सड़क जाम कर दिया। लोगों ने मौके पर पहुंची पुलिस को शव उठाने नहीं दिया। वे मुआवजे की मांग कर रहे थे।
मृतक सुरेश और सुखी दैनिक मजदूरी कर बाइक से कलियासोल लौट रहे थे। इसी दौरान घटनास्थल के पास तेज रफ्तार हाइवा ने आगे चल रही बाइक को टक्कर मार दी। हाइवा ने
बाइक को रगड़ते हुए 50- 60 फीट दूर तक ले गया। बाइक चालक सुरेश की मौत घटनास्थल पर ही मौत हो गई । बाइक के पीछे बैठी महिला बुरी तरह जख्मी हो गयी। महिला को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद ले जाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
दुर्घटना को अंजाम देने वाला हाइवा एआरएसएस कंपनी का बताया जाता है। हाइवा से पिंडराहट से बोल्डर ढोने का काम किया जाता है।
मृतक सुरेश मुर्मू के परिवार में उनकी पत्नी, दो पुत्र एवं एक पुत्री है। जबकि मृतका सुखी सोरेन गांव के स्व बिजना सोरेन की पत्नी थी। उनके परिवार में एक पुत्र एवं दो पुत्रियां है। सभी का रो-रो कर बुरा हाल है। रोड जाम में तेतुलिया के मुखिया सोम मरांडी एवं मृतक के परिजन के साथ दूधिया पंचायत के मुखिया उत्तम चौबे, पूर्व मुखिया रफीक अंसारी, प्रदीप उपाध्याय, अख्तर अंसारी, अधर सहीस समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं। घटनास्थल पर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार, एसआई महेश्वर महतो समेत जवान डटे हुए हैं।