जनता दरबार में डीसी ने सुनीं लोगों की समस्याएं, लंबित मामलों का करें निष्पादन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आम जनता की समस्याओं के त्वरित और संवेदनशील समाधान को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी व्यक्तिगत, सामाजिक और प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे।
उपायुक्त ने एक-एक कर फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम लोगों की शिकायतों के निपटारे में संवेदनशीलता, पारदर्शिता और तत्परता बरती जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
जनता दरबार में भूमि एवं राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, कल्याण, आवास, पेंशन, रोजगार, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को पात्र मामलों में त्वरित कार्रवाई करने और आवेदकों को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि प्राप्त आवेदनों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें और लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करें।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।